हत्या के पांच आरोपी गिरफ्तार, तलवार व चाइनीज चाकू बरामद

रामनवमी के विजयादशमी जुलूस में झंडा चौक के निकट हुई थी अभिषेक कुमार की हत्या

हजारीबाग. रामनवमी विजयादशमी जुलूस में झंडा चौक के निकट हुई अभिषेक कुमार की हत्या मामले के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इनकी गिरफ्तारी घटना के पांच दिन के अंदर हुई. इनमें विजय कुमार विनायक (मूल निवासी मिर्जागंज, जमुआ, गिरिडीह), श्याम कुमार उर्फ कारू, आदित्य कुमार हरि उर्फ आदि, ऋषि कुमार व समीर वाल्मीकि शामिल हैं. सभी हजारीबाग के गाड़ीखाना के रहनेवाले हैं. इनके पास से घटना में इस्तेमाल दो चाइनीज चाकू और एक तलवार पुलिस ने जब्त किया है. एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि मामले के उदभेदन के लिए गठित एसआइटी को जानकारी मिली कि इस घटना का एक आरोपी विजय कुमार विनायक धनबाद के लोयाबाद में अपने रिश्तेदार के घर छिपा है. इसकी जानकारी मिलते ही एसआइटी धनबाद पहुंची. स्थानीय थाना के सहयोग से लोयाबाद के उस मकान को घेर लिया. जहां आरोपी छिपा हुआ था. काफी मशक्कत के बाद पुलिस विजय कुमार विनायक को गिरफ्तार करने में सफल हुई.

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान

एसपी ने बताया कि घटना के बाद एसआइटी ने झंडा चौक के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. अलग-अलग एंगल से पूरे जुलूस की गतिविधि पर दोबारा जांच-पड़ताल की. कई बार फुटेज देखने के बाद टीम इस नतीजे पर पहुंची. एक-एक कर पांच आरोपियों की साफ तस्वीर सामने आने के बाद उनकी खोजबीन शुरू हुई. कई दिनों तक आरोपियों के घर की रेकी की गयी. तब एक-एक कर सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आये.

नशे में धुत थे आरोपी, तलवार-चाकू से की हत्या

एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों ने घंटों पूछताछ के बाद खुलासा किया कि 28 मार्च की रात गाड़ीखाना का जुलूस निकाला गया था. धीरे-धीरे नाचते-गाते जुलूस झंडा चौक पहुंचा. आरोपियों ने बताया कि वे लोग काफी नशे मे थे. इसी क्रम में एक युवक 29 मार्च की अहले सुबह जुलूस में घुस गया. मना करने के बावजूद वह जुलूस में शामिल युवकों से बहस करने लगा. इस पर सभी उग्र हो गये और ताबड़तोड लाठी, तलवार और चाकू से हमला कर दिया. वह युवक वहीं गिर गया और जुलूस आगे बढ़ गया.

एसआइटी में शामिल थे :

सदर एसडीपीओ अमित आनंद, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, बड़ाबाजार टीओपी प्रभारी पंकज कुमार, पेलावल ओपी प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय, पिंटू कुमार, नीलेश रंजन, शशिकांत पासवान, सत्यम गुप्ता व तकनीकी शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >