हजारीबाग. जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खेल संरचना को सुदृढ़ बनाने को लेकर डीसी हेमंत सती ने मंगलवार को खेल विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने पूर्व में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उपायुक्त ने कर्जन स्टेडियम स्थित साक्षरता कार्यालय एवं नेहरू युवा केंद्र को पुराने समाहरणालय भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्टेडियम के सौंदर्यीकरण के लिए सीएसआर मद से सोलर एवं इलेक्ट्रिक हाइ मास्ट लाइट लगाने, शौचालयों की मरम्मत तथा प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना पर कार्य करने को कहा. बैठक में बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षक की व्यवस्था करने तथा तीरंदाजी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों को टी-शर्ट, जूते और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बैंक से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा खेलो इंडिया योजना के तहत चेंजिंग रूम निर्माण, हॉकी सेंटर में टर्फ बिछाने और डे-बोर्डिंग खिलाड़ियों के लिए आवासीय केंद्र संबंधी प्रस्ताव विभाग को भेजने का निर्देश भी दिया गया. बैठक में जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
कर्जन स्टेडियम के सौंदर्यीकरण पर जोर
खेल विभाग की समीक्षा बैठक
