हजारीबाग. उपायुक्त हेमंत सती ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया. इसमें जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे. उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये.
जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, सड़क, आवास योजना, रोजगार, मुआवजा भुगतान समेत जनहित से जुड़े कई मामले सामने आये. उपायुक्त ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जनता दरबार आमजनों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाये.
