कटकमसांडी. राजेश साव की हत्या के दो माह बाद बीत जाने और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने सोमवार को पसई गांव के पास सड़क जाम किया. जिससे हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग जाम हो गया. ग्रामीणों का आरोप था कि 12 अप्रैल को राजेश साव की हत्या हुई थी, लेकिन आज तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गयी. इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. ग्रामीणों का कहना था था कि राजेश साव की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का परिणाम है. इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया, तो आंदोलन तेज किया जायेगा. मृतक की पत्नी सविता देवी ने कहा कि पिछले दो महीनों से उनका परिवार न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है. आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. जिससे परिवार के सदस्य भयभीत हैं.
पुलिस ने आश्वासन देकर हटवाया जाम
कटकमदाग सीओ सतेंद्र नारायण पासवान, पुलिस इंस्पेक्टर सपन कुमार महथा, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआइ चितरंजन कुमार ने पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझाया. हत्या मामले की गहन जांच-पड़ताल और दोषियों पर कार्रवाई के अलावा मृतक के परिजनों को सरकारी सुविधा उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद जाम हटा. जाम सुबह आठ बजे से दोपहर करीब ढाई बजे तक रहा.
