हजारीबाग. सदर प्रखंड के ग्राम लाखे में पासवान कल्याण समिति एवं पासवान उत्थान समिति की ओर से वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल की जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के गणमान्य लोगों ने बाबा चौहरमल के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की. मौके पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों की पगड़ी पोशी कर सम्मानित किया गया. उन्हें बाबा चौहरमल की तस्वीर एवं तलवार भेंट की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री स्व ईश्वरी राम पासवान के पुत्र समाजसेवी कुंदन पासवान ने की. संचालन झारखंड राज्य एससी-एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पासवान ने किया. समारोह में बंगाल से आये कलाकारों ने छऊ नृत्य पेश किया. इसके बाद बाबा चौहरमल की जीवंत झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गयी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः लाखे पहुंचकर संपन्न हुई. वक्ताओं ने बाबा चौहरमल की वीरता और त्याग का स्मरण करते हुए समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया. बच्चों की शिक्षा पर बल दिया. कार्यक्रम का नेतृत्व मुकेश पासवान, समिति के अध्यक्ष भास्कर कुमार राहुल, सचिव रोहित पासवान, कोषाध्यक्ष संजीत कुमार पासवान, संयोजक प्रदीप पासवान एवं आशीष पासवान सहित अन्य सदस्यों ने किया. कार्यक्रम में पासवान कल्याण समिति के अध्यक्ष बैजू गहलोत, गोपाल पासवान, धीरज पासवान, मुखिया दिलीप पासवान, चंद्रशेखर आजाद, पूर्व पार्षद सुबोध पासवान समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे.
समाज से एकजुटता का आह्वान
सदर प्रखंड के ग्राम लाखे में वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल जयंती पर शोभायात्रा
