हजारीबाग. भाजपा पांच जून से 21 जून तक पर्यावरण, जैविक खेती और योग पर अभियान चलायेगी. इन जन जागरूकता कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर सदर विधायक कार्यालय में मंगलवार को मंडल संयोजक टोली की कार्यशाला हुई. कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश एससी मोर्चा अध्यक्ष किशुन दास तथा सदर विधायक प्रदीप प्रसाद उपस्थित थे. किशुन दास ने बताया कि पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर मां के नाम एक पेड़ अभियान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जो जून माह तक जारी रहेगा. किसानों को जैविक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया जायेगा. विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस वर्ष जिले में लगभग दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. पांच जून को बड़े स्तर पर अभियान की शुरुआत होगी. 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्सव के रूप में मनाया जायेगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महामंत्री सर्वेश सिंह ने की. संचालन जिला महामंत्री जय नारायण प्रसाद एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष कुणाल किशोर ने किया. कार्यशाला में प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
पर्यावरण, जैविक खेती और योग पर भाजपा चलायेगी अभियान
पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर होगा अभियान का शुभारंभ
