जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकलेगी भीम संदेश यात्रा : राष्ट्रीय अध्यक्ष

जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकलेगी भीम संदेश यात्रा : राष्ट्रीय अध्यक्ष

हजारीबाग. हजारीबाग के नवाबगंज स्थित सीपीआई कार्यालय मंजूर भवन में सोमवार को दलित अधिकार मंच के बैनरतले एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम हुआ. इस आयोजन का उद्देश्य दलित अधिकार, सामाजिक न्याय और समान अवसरों की लड़ाई को आगे बढ़ाना था. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दलित अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार त्यागत और विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड विस्थापित संघर्ष मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता उपस्थित थे.

राष्ट्रीय अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार त्यागत ने कहा कि दलित अधिकार मंच एक गैर-राजनीतिक संगठन है, जिसका लक्ष्य बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है. उन्होंने समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर बल दिया. त्यागत ने भगवान गौतम बुद्ध के विचारों को आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक बताया और कहा कि हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए. उन्होंने घोषणा की कि दलित समाज में जागरूकता फैलाने के लिए शीघ्र ही भीम संदेश यात्रा निकाली जायेगी. साथ ही उन्होंने बताया कि 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा हजारीबाग आयेंगे, जिसमें दलित अधिकार मंच सक्रिय भागीदारी करेगा.

अनुसूचित जाति आयोग का गठन न किये जाने पर चिंता

विशिष्ट अतिथि भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि दलित अधिकार मंच दलित समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है. उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा अब तक अनुसूचित जाति आयोग का गठन न किये जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे दलित समाज के कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित पड़े हुए हैं. मेहता ने जोर देकर कहा कि बाबा साहब आंबेडकर समतामूलक समाज का निर्माण चाहते थे और दलितों को उनका संवैधानिक हक मिलना चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि 30 जून को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सभी जिलों से हजारों लोग हूल दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे.

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक न्याय, समान अधिकार, संवैधानिक मूल्यों और बाबा साहब के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर दलित अधिकार मंच के प्रदेश संयोजक राजकुमार दास, कामेश्वर पासवान, चतरा जिलाध्यक्ष राजू कुमार दास, संतोष कुमार रजक, जिला परिषद सदस्य महादेव राम, सेवानिवृत्त शिक्षक बालेश्वर राम, संजय कुमार रंजन, मुखिया गेमन भुइयां, संतोष अंबेडकर, अधिवक्ता अनिरुद्ध कुमार, शंभू कुमार, पूर्व मुखिया महेंद्र राम, मो. निजाम अंसारी, अनंत कुमार आर्य, शब्बीर अहमद, अब्दुल मजीद अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >