बरकट्ठा।प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचफेडी चौक में बेडोकला भाजपा मंडल कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार आजाद ने की। संचालन महामंत्री रवि पासवान ने किया। मुख्य अतिथि मंडल प्रभारी रघुवीर महतो, अंबिका सिंह तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष भोला प्रसाद उपस्थित थे।
शुरुआत में अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। बैठक के दौरान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से मंडल कमेटी का विस्तार किया गया। पार्टी के पदाधिकारियों और सभी बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया गया।
प्रभारी रघुवीर महतो ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके बूथ हैं, इसलिए बूथों को मजबूत करना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों को समय-समय पर नियमित बैठकें करने और शक्ति केंद्रों पर वृहद बैठक आयोजित करने पर विशेष जोर दिया।
मंडल अध्यक्ष अनिल आजाद ने कहा कि इस बार कमेटी के विस्तार में सभी पंचायतों के सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व का अवसर दिया गया है, ताकि संगठन की पहुंच हर बूथ तक और गहरी हो सके।
बैठक में सरयू प्रसाद, तुलसी चौधरी, सतीश चौधरी, खुबलाल प्रसाद, दिलीप मंडल, भुनेश्वर प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
