हजारीबाग. अन्नदा महाविद्यालय, हजारीबाग में वित्तीय अनियमितता के आरोपों के बाद सचिव डॉ सजल मुखर्जी ने तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबित कर्मचारियों में संजीव चटर्जी, आरको भट्टाचार्य और धर्मवीर कुमार शामिल हैं. महाविद्यालय के प्राचार्य नीलमणि मुखर्जी ने बताया कि चार्टर्ड अकाउंटेंट की अंतरिम आंतरिक अंकेक्षण (इंटरनल ऑडिट) रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. संबंधित कर्मचारियों पर वित्तीय धोखाधड़ी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, जिनकी निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच करायी जाएगी. आंतरिक अंकेक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले की विस्तृत जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया जाएगा.
जांच रिपोर्ट आने तक तीनों कर्मचारी निलंबित रहेंगे. निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा.उन्होंने बताया कि निलंबन किसी कर्मचारी को दोषी ठहराने की कार्रवाई नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी. महाविद्यालय प्रशासन ने दोहराया कि संस्थान वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा.
