हजारीबाग. जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने मंगलवार को रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मोरांगी के पास सड़क सुरक्षा का जायजा लिया. लोगों से कहा कि निर्धारित गति सीमा पर ही गाड़ी चलाकर दुर्घटना से बचा जा सकता है. उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश के बाद डीटीओ जिले भर के संभावित दुर्घटना क्षेत्र, जोन, ब्लैक स्पॉट को सूचीबद्ध कर रहे हैं. इन क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के सभी बेहतर उपाय पर कार्य शुरू है. सड़क सुरक्षा टीम ने ब्लैक स्पॉट व कई दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) व मोटरयान निरीक्षक सहित सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े टीम के सदस्य मौजूद थे. डीटीओ ने कहा कि एनएचएआइ जिले भर के संभावित दुर्घटना क्षेत्र, जोन, ब्लैक स्पॉट में जागरूकता साइन बोर्ड एवं रंबल स्ट्रिप लगायेगा. पेट्रोल पंप संचालक अपने-अपने जगहों पर सुरक्षा से जुड़े उपायों पर कार्य करेंगे. अधिकारियों ने मासीपीढ़ी चौक, डेमोटांड़, मोरांगी जैसे क्षेत्रों में दुर्घटना के कारण ओवर स्पीड बताया. मोरांगी के आसपास पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे 24 घंटे अपने स्तर से एप्रोच रोड पर सड़क सुरक्षा से जुड़ी सावधानी का ख्याल रखें.
डीटीओ ने मोरांगी समेत कई दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
कहा, दुर्घटना रोकने के लिए निर्धारित गति सीमा पर गाड़ी चलायें
