जवाहर नवोदय विद्यालय
हजारीबाग : इचाक बोंगा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय वर्ग छह के लिए प्रवेश परीक्षा 11 जनवरी 2020 को लिया जायेगा. यह जानकारी सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी लुदी कुमारी ने दी. डीइओ ने परीक्षा की तैयारी को लेकर सभी केंद्र अधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये है. उन्होंने बताया कि जिले में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जिसमें 3410 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त कराने को लेकर शिक्षा अधिकारी, कर्मियों व केंद्राधीक्षकों को कई निर्देश दिये.
डीइओ ने कहा कि बरही, चौपारण व पदमा के लिए बरही प्लस टू उवि को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 618 बच्चे भाग लेंगे. बरकट्ठा चलकुशा के लिए प्लस टू उवि बरकट्ठा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 330 बच्चे भाग लेंगे. इचाक, दारू व कटकमसांडी के लिए प्लस टू जिला स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 404 बच्चे भाग लेंगे.
सदर प्रखंड व कटकमदाग के लिए राजकीय बालिका प्लस टू उवि को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 512 बच्चे भाग लेंगे. चूरचू के लिए परियोजना बालिका उवि चरही को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 250 बच्चे भाग लेंगे. डाड़ी ब्लॉक के लिए परियोजना उवि चरही को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 261 बच्चे भाग लेंगे.
केरेडारी व बड़कागांव के लिए प्लस टू उवि बड़कागांव को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 559 बच्चे भाग लेंगे. टाटीझरिया व विष्णुगढ़ प्रखंड के लिए विष्णुगढ़ प्लस टू उवि को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें 476 बच्चे भाग लेंगे.
