गुमला. संत पात्रिक उवि गुमला के छात्र अर्पित सुरीन के लापता होने का मामला सामने आया है. छात्र के परिजनों ने थाना में आवेदन देकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने और खोजबीन में सहयोग की मांग की है. माइकल इंदवार ने थाना को सौंपे आवेदन के अनुसार अर्पित सुरीन की उम्र 18 वर्ष है और वह विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है.
तबीयत खराब बताकर हॉस्टल से निकला था
सात अगस्त 2026 को अर्पित ने छात्रावास में आवेदन देकर तबीयत खराब होने की बात कही और अपने घर जाने की जानकारी दी थी. इसके बाद वह छात्रावास से निकल गया. हालांकि घर जाने के बाद भी वह अपने घर नहीं पहुंचा और न ही छात्रावास वापस लौटा. अर्पित के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और परिचितों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की.
पुलिस से खोजबीन की गुहार
संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ रिश्तेदारों व परिचितों से भी जानकारी ली गयी. लेकिन अब तक अर्पित का कोई सुराग नहीं मिल सका है. परिजनों ने पुलिस से अर्पित की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसकी तलाश में सहयोग करने की अपील की है. छात्र के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं.
