घाघरा. बॉक्साइट खनन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर हिंडाल्को के खिलाफ चल रहे आंदोलन के पांचवें दिन शुक्रवार को झमाझम बारिश के बावजूद सैकड़ों महिला-पुरुष धरना स्थल पर डटे रहे. तंबू में भीड़ बढ़ने पर कई लोग छाता लेकर बारिश में ही बैठे रहे.
महिलाएं आपस में 100-100 रुपये चंदा कर चावल व लकड़ी खरीद रही हैं और धरना स्थल पर ही खाना बनाकर खा रही हैं. पांच दिनों से चल रहे आंदोलन को धार देने के लिए बिशुनपुर क्षेत्र के खनन एरिया, बिमरला समेत अन्य खनन क्षेत्रों से भी लोग धरना स्थल पहुंच रहे हैं.
बिशुनपुर क्षेत्र से पहुंचे कुछ आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि हिंडाल्को ने सेवानिवृत्ति से पहले उन्हें नौकरी से हटा दिया. उन्होंने दोबारा काम पर रखने की मांग की. आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
आंदोलनकारियों के अनुसार, उपायुक्त और हिंडाल्को के जीएम ने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है. उनका कहना है कि पूर्व में भी आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त होने पर कंपनी ने मांगों पर अमल नहीं किया. इसलिए इस बार मांगों पर काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रखा जायेगा.
आंदोलनकारियों ने बताया कि आंदोलन शुरू होने से पहले उपायुक्त, प्रखंड कार्यालय और थाना को आवेदन देकर महिलाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गयी थी, लेकिन इस पर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया.
