गुमलाः लोहरदगा रोड स्थित भाऊराव देवरस स्मृति न्यास भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया. समाजसेवा के विभिन्न कार्यों से जुड़े न्यास के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने भी समारोह में भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान न्यास के सचिव लालचंद अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को संबोधित किया.
मिलकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें- लालचंद्र अग्रवाल
लालचंद अग्रवाल ने कहा कि देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए भारत के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी. आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. तभी हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकेंगे. उन्होंने कहा कि जातिवाद, नक्सलवाद, छुआछूत, प्रांतवाद और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए संकल्प लेना होगा. उन्होंने कहा कि भारत माता सुरक्षित रहेगी, तभी देश का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित रह सकेगा.
ये भी पढ़ें- वनवासी कल्याण केंद्र की गुमला नगर समिति का गठन, जयेन्द्र कुमार गुप्ता बने अध्यक्ष
'सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर ध्यान देने की जरुरत'
लालचंद अग्रवाल ने नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए. समारोह में अजय, अशोक, संजय, अजीत, जितेंद्र तिवारी, मुकेश सिंह, आलोक, संतोष, प्रभात, मुद्रिका, सत्यनारायण, विकास, उत्तम, धरणी सहित कई समाजसेवी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे. सभी ने ध्वजारोहण में भाग लिया तथा देश के महापुरुषों और शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया.
