प्रतिनिधि, गुमला
गुमला स्थित सिसई थाना क्षेत्र के सेमरा पाकरटोली में वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला जयंती देवी की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना दोपहर लगभग तीन बजे की है. मिली जानकारी के अनुसार, जयंती देवी अपने खेत में धान की रोपनी करने गयी हुई थी. इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गयी, जिससे बचने के लिये वह पास में ही स्थित एक बांस के झुरमुट के नीचे जाकर खड़ी हो गयी. इसी बीच अचानक जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी सीधी चपेट में जयंती देवी आ गयी और गंभीर रूप से झुलस गयी.
वहां मौजूद अन्य ग्रामीण बुधवा खड़िया, जद्दू खड़िया और बजरंग बडाईक भी इस आकाशीय बिजली की चपेट में आये, लेकिन उन्हें सिर्फ हल्का झटका महसूस हुआ और वे बाल-बाल बच गये. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल जयंती देवी को इलाज के लिए सिसई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. रविवार को पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया. पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है. वहीं परिजनों ने जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.
