गुमला: 80वां स्वतंत्रता दिवस गुमला जिले में हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. जिला स्तरीय मुख्य समारोह परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, गुमला में आयोजित हुआ. मुख्य समारोह में उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया. उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान में सहभागिता की और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया. मुख्य समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 37 पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया.
उपायुक्त ने जिलेवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं जोहार दिया. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में गुमला की धरती के जतरा टाना भगत, मुंडल सिंह, बख्तर साय, तेलंगा खड़िया सहित अनेक वीरों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. परमवीर चक्र से सम्मानित लांस नायक अल्बर्ट एक्का का सर्वोच्च बलिदान गुमला ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है.
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य शहीदों की इस धरती का सर्वांगीण विकास करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में छात्रवृत्ति, निःशुल्क साइकिल, आवासीय शिक्षा एवं PM-JANMAN जैसी योजनाओं के माध्यम से लाभुकों को लाभान्वित किया जा रहा है। PM-JANMAN के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) गांवों में आवास, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
1.54 लाख से अधिक लाभुकों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत जिले में करीब 1.60 लाख पेंशनधारियों को पेंशन और 1.54 लाख से अधिक लाभुकों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 67 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण, मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन तथा सदर अस्पताल की सुविधाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है। जिले में सीकल सेल एवं टीबी स्क्रीनिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा चुका है।
शिक्षा के क्षेत्र में माध्यमिक परीक्षा 2026 में गुमला राज्य में प्रथम स्थान पर
शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उपायुक्त ने कहा कि माध्यमिक परीक्षा 2026 में गुमला ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. इंटरमीडिएट परीक्षा में कला संकाय में प्रथम, विज्ञान में द्वितीय एवं वाणिज्य संकाय में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है. जिले में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, आवासीय विद्यालय सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
पारंपरिक मांदर को GI टैग दिलाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है
उपायुक्त ने कहा कि कृषि, पशुपालन, मत्स्य, रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. किसानों को सिंचाई, KCC, PM-Kisan, बीज एवं कृषि ऋण माफी जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है. स्थानीय कारीगरों को प्रशिक्षण एवं बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पारंपरिक मांदर को GI टैग दिलाने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है.
गुमला को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित जिला बनाने की पहल
उन्होंने कहा कि गुमला की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं. साथ ही जिले के पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. जिला प्रशासन का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे और गुमला को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित जिला बनाया जा सके. उन्होंने जिलेवासियों से जनसहभागिता के साथ विकास की इस यात्रा में सहयोग करने की अपील की.
शहीदों एवं महापुरुषों को किया गया नमन
मुख्य समारोह से पूर्व उपायुक्त द्वारा गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा, शहीद स्मारक, बिरसा मुंडा की प्रतिमा, शहीद चौक सहित शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई. इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त आवास, समाहरणालय, जिला परिषद कार्यालय परिसर, अनुमंडल कार्यालय परिसर, वन प्रमंडल कार्यालय गुमला, रेड क्रॉस सोसाइटी गुमला, समाहरणालय भवन चंडाली, पुलिस लाइन चंडाली सहित जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं प्रखंड कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया.
समारोह में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, एवं नागरिक रहे उपस्थित
मुख्य समारोह में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, परियोजना निदेशक आईटीडीए, DCLR गुमला, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला नजारत उपसमाहर्ता सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे.
