गुमला. गुमला में मारपीट कर तीन युवकों को घायल करने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर प्रमोद उरांव ने शुक्रवार को गुमला थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन के अनुसार, घटना 10 सितंबर की है. प्रमोद उरांव ने पुलिस को बताया कि वह अपने तीन साथियों मुकेश गोप, अरविंद गोप समेत अन्य लोगों के साथ अमेराडीह गया था. इसी दौरान कोयनारा टोली क्षेत्र में कुछ युवकों से विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
मारपीट के दौरान एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और उसका सिर फट गया. वहीं तीनों युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये.
पीड़ित के अनुसार, मारपीट करने वाले युवक पूर्व में भी गांव में विवाद और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहे हैं. उसने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
