18 जून से अमित सिंह लापता था.
25 जून को शव की शिनाख्त की गयी
मृतक अमित सिंह के पिता संवेदक हैं
गुमला : गुमला शहर के शास्त्री नगर निवासी कूरियर ब्वाॅय अमित सिंह (22) की अपराधियों ने पत्थर से कूच कर हत्या कर दी. अमित 18 जून से लापता था. 22 जून को पुलिस ने नागफेनी के अंबाघाघ से क्षत-विक्षत शव बरामद किया था. 25 जून को परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव की शिनाख्त अमित के रूप में की. शव की पहचान के बाद परिजन व शुभचिंतक आक्रोशित हो उठे. गुस्साये लोगों ने मंगलवार को गुमला सदर अस्पताल के गेट के सामने एनएच 78 को करीब एक घंटे तक जाम रखा. जाम कर रहे लोग मृतक के परिजन को 25 लाख रुपया मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की.
परिजनों का यह भी आरोप है कि अमित की गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 जून को दर्ज करायी गयी थी, लेकिन जब अज्ञात युवक का शव मिला, तो पुलिस ने शिनाख्त के लिए नहीं बुलाया. परिजन खुद पोस्टमार्टम हाउस व थाना जाकर कपड़े से शव की पहचान अमित के रूप में की. परिजनों ने कहा कि पुलिस की लापरवाही है. इधर, शव की पहचान होने के बाद मंगलवार की सुबह को सैंकड़ों लोग अस्पताल पहुंचे. इसके बाद 10.30 से 11.30 बजे तक एनएच 78 जाम कर नारेबाजी की. क्षत्रिय समाज के जिलाध्यक्ष सूरजदेव सिंह ने थानेदार से मृतक के हत्यारे को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की. थाना प्रभारी राकेश कुमार ने सूरजदेव सिंह व जगनारायण सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों से कहा कि वे अपनी मांगों को लिखित रूप से थाना में दें. वे वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर उनकी मांग पूरा कराने का प्रयास करेंगे. मौके पर सूरजदेव सिंह, जगनारायण सिंह, विकास सिंह व निर्मल सिंह सहित मृतक के परिजन व अन्य मौजूद थे.
पत्थर से कूच कर की गयी है हत्या
बताया जा रहा है कि पत्थर से कूच कर हत्या की गयी है. उसकी बाइक जारी प्रखंड के एक गांव से पुलिस ने बरामद की थी. अमित के पिता धनुषधारी सिंह पेशे से ठेकेदार हैं. अमित सिंह गुमला के शास्त्री नगर में रह कर पालकोट रोड स्थित एक कूरियर में कूरियर ब्वॉय के रूप में काम करता था. वह धनुषधारी सिंह का इकलौता बेटा था. उसकी तीन बहने हैं.
