प्रतिनिधि, गोड्डा: गोड्डा जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. नगर थाना क्षेत्र के गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन सड़क किनारे न्यू पुलिस लाइन मोड़ (पुनसिया) के पास चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया. मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पड़ोसी के घर में लगे CCTV कैमरे में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है.
ससुराल गया था पूरा परिवार, पीछे से घर में घुस गए चोर
पीड़ित मकान मालिक और मुरलीडीह निवासी कालीचरण महतो ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से न्यू पुलिस लाइन मोड़ के पास मकान बनाकर रह रहे हैं. 19 सितंबर को सास की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह पूरे परिवार के साथ ससुराल चले गए थे.
20 सितंबर की रात जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई.
ड्रेसिंग टेबल का लॉक तोड़कर उड़ाए 20 हजार रुपये
चोरों ने घर के अंदर रखी ड्रेसिंग टेबल का लॉक तोड़ दिया। उसमें रखे 20 हजार रुपये नकद चोर अपने साथ ले गए. इसके अलावा कालीचरण महतो की पत्नी और बेटी के सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए गए.
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी जा रही है.
CCTV में कैद हुई संदिग्धों की हलचल
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
पड़ोस के एक मकान में लगे CCTV कैमरे में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है. पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है.
तीन दिन पहले भी हुई थी चोरी की बड़ी वारदात
गोड्डा में चोरी की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब इससे महज तीन दिन पहले पांडुबथान के रामगढ़ रोड में भी चोरी की बड़ी वारदात हुई थी. उस मामले में भी चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. लोगों के बीच इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
नगर थाना पुलिस फिलहाल CCTV फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
