मां चैती दुर्गा मंदिर में सहस्र चंडी महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ

श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति में कलश शोभा यात्रा और यज्ञ की औपचारिक शुरुआत

आध्यात्मिक चेतना और भक्ति के उल्लास के साथ गोड्डा शहर के हटिया चौक स्थित माँ चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण में सहस्र चंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हो गया. पहले दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व क्षेत्र में भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी, जिसमें 551 महिलाओं और युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. केसरिया और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश लेकर जब सड़कों पर निकलीं, तो पूरा वातावरण जय माता दी और हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा. शोभा यात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर शिवपुर स्थित शिवगंगा तालाब तक गयी. तालाब के तट पर विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी और कलशों में पवित्र जल भरा गया. जल लेकर श्रद्धालु पुनः हटिया चौक, कारगिल चौक और बाइपास सड़क के रास्ते अनुष्ठान स्थल (मां चैती दुर्गा मंदिर) पहुंचे, जहां कलश स्थापना के साथ यज्ञ की औपचारिक शुरुआत की गयी. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी नौ दिनों में यहां प्रख्यात कथा वाचकों द्वारा भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा. इस आयोजन को लेकर स्थानीय भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. श्रद्धालुओं का मानना है कि इस महायज्ञ से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा. कार्यक्रम में पूर्व जिप अध्यक्ष कल्पना देवी, समाजसेवी मुकेश कुमार रमानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. महायज्ञ को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी और स्थानीय युवा तत्परता से सेवा कार्य में जुटे हुए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >