रविवार को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव राम मूर्ति ठाकुर, रांची जिला अध्यक्ष सलीम सहाय तिग्गा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष संतोष कुमार के गोड्डा आगमन पर पथरगामा निवासी सह संघ के गोड्डा जिला अध्यक्ष आनंद रजक, जिला महासचिव राधाकांत साह, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दास और जिला कार्यकारिणी के सदस्य गोकुल ठाकुर ने पुष्पगुच्छ और फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया. इस अवसर पर एक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें ग्रेड 4 और 7 के शिक्षकों की प्रोन्नति, एमएसीपी का लाभ, टेट परीक्षा तथा प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी. प्रदेश महासचिव राम मूर्ति ठाकुर ने कहा कि ग्रेड 4 की प्रोन्नति में किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं है और विभाग द्वारा ऐसा कोई पत्र निर्गत नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द प्रदेश के शिक्षकों को इन मुद्दों से संबंधित अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद है. प्रदेश महासचिव ने जिला कार्यकारिणी के सदस्यों को निर्देश दिया कि वे डीसी गोड्डा और जिला शिक्षा अधीक्षक गोड्डा से मिलकर लंबित ग्रेड 4 की प्रोन्नति का कार्य पूर्ण कराएं. इस पर जिला अध्यक्ष आनंद रजक ने कहा कि प्रोन्नति के विषय पर जल्द ही जिला कार्यकारिणी की बैठक बुलायी जाएगी और डीसी व जिला शिक्षा अधीक्षक से वार्ता की जाएगी. जिला महासचिव राधाकांत साह ने कहा कि गोड्डा जिले में ग्रेड 4 की प्रोन्नति विभागीय पदाधिकारियों की उदासीनता के कारण लंबित है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बार-बार सिर्फ आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि फरवरी माह में लंबित मांगों को लेकर शिक्षक संघ आंदोलन की शुरुआत करेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
