महागामा प्रखंड के दिग्घी गांव में बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गयी है. गांव में 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारू और स्थिर होने की उम्मीद जतायी जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, दिग्घी गांव में आबादी घनी होने के कारण लंबे समय से लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटने और ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड की समस्या बनी हुई थी. विशेषकर गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जब बिजली की मांग बढ़ने के कारण पुराने ट्रांसफार्मर अक्सर जवाब दे देते थे. इस समस्या को देखते हुए मंत्री दीपिका सिंह पांडे की पहल पर ठोस कदम उठाये गये. न केवल दिग्घी गांव में नया 63 केवी ट्रांसफार्मर लगाया गया, बल्कि इससे पहले गांव के पश्चिम टोला और लहरी टोला में भी दो अलग-अलग ट्रांसफार्मर स्थापित किये जा चुके हैं. नये ट्रांसफार्मर के चालू होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. लोग कहते हैं कि अब उन्हें बार-बार बिजली कटने, लो-वोल्टेज और उपकरणों के खराब होने जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी. बच्चों की पढ़ाई, किसानों के कार्य और दैनिक जीवन की गतिविधियों में भी अब सहूलियत होगी. ग्रामीणों ने इस पहल के लिए मंत्री दीपिका सिंह पांडे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम सिर्फ बिजली व्यवस्था को सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गांव के समग्र विकास को भी गति मिलेगी. लोगों की उम्मीद है कि भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर हो सकें.
दिग्घी गांव में 63 केवी का लगा नया ट्रांसफार्मर, बिजली व्यवस्था में सुधार की उम्मीद
गांव में लो-वोल्टेज और बार-बार कटने वाली बिजली की समस्या से मिलेगी राहत
