प्रतिनिधि, हनवारा : महगामा प्रखंड की नयानगर पंचायत स्थित नरैनी मोड़ चौक के समीप मुख्य सड़क की स्थिति इन दिनों बद से बदतर हो गयी है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और सड़क पर जमा कीचड़ राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गये हैं. सड़क की बदहाली देखकर ऐसा लगता है मानो यह कोई सड़क नहीं, बल्कि खेत की पगडंडी हो.
दिघी बॉर्डर होकर बिहार को जोड़ता है मार्ग
यह मार्ग दिघी बॉर्डर होते हुए बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. हनवारा के रास्ते बिहार आने-जाने वाले सैकड़ों लोग प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन करते हैं. छोटे-बड़े वाहनों के अलावा बाइक, साइकिल सवार और पैदल राहगीर भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.
लेकिन जगह-जगह बने गड्ढों और जलजमाव के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है. बारिश होने के बाद सड़क की स्थिति और भी भयावह हो जाती है. गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है.
गड्ढों और कीचड़ से हादसे का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को होती है. कीचड़ के कारण फिसलने का खतरा बना रहता है. वहीं, सड़क पर जमा कीचड़ और पानी से पशुओं के आवागमन में भी परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों के अनुसार कई जगह सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है.
अधिकारी-जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, फिर भी नहीं हुई पहल
ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी जतायी है. उनका कहना है कि यह बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग है, इसके बावजूद इसकी मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. इसी सड़क से जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन समस्या पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है.
जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क के गड्ढों को भरने, जलजमाव की समस्या दूर करने और सड़क की समुचित मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो बारिश के दौरान आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है.
