नारकीय स्थिति में गोड्डा का सरकंडा चौक, जलजमाव से जनता त्रस्त

सड़कों पर कीचड़ और गंदा पानी, वाहन चालकों और राहगीरों का जीवन हुआ मुश्किल

गोड्डा शहर के हृदयस्थल कहे जाने वाले सरकंडा चौक की स्थिति इन दिनों किसी तालाब से कम नहीं है. जलजमाव की समस्या ने मुहल्लेवासियों, वाहन चालकों और पैदल राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है. हल्की बारिश के बाद हालात और विकट हो जाते हैं, जिससे सड़क और नाले का अंतर मिट चुका है. सड़कों पर जमा गंदा पानी मच्छरों का प्रकोप बढ़ा रहा है और दुर्गंध के कारण सांस लेना दूभर हो गया है. दोपहिया और तीनपहिया वाहन चालकों के लिए यह हिस्सा ब्लैक स्पॉट बन गया है, क्योंकि पानी के नीचे छिपे गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं. पैदल चलने वालों के लिए कीचड़ और गंदे पानी के बीच से सड़क पार करना मजबूरी बन गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी हैं. हर बार सिर्फ आश्वासन दिया गया, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. सड़क पर जमा पानी और गंदगी के बीच से प्रतिदिन डीसी सहित अन्य अधिकारियों का समाहरणालय आना-जाना होता है, फिर भी समस्या जस की तस है. सरकंडा चौक के आसपास की नालियों में पानी की उचित निकासी नहीं है. हंसडीहा रोड के किनारे नाले को रैयतों ने अवरूद्ध कर दिया है. सड़क निर्माण के समय ड्रेनेज सिस्टम पर ध्यान न देना और प्रशासन द्वारा नालियों की समय पर उड़ाही न करना इस समस्या के मुख्य कारण हैं. सरकंडा चौक की यह स्थिति न केवल शहर की छवि को खराब कर रही है, बल्कि किसी बड़ी दुर्घटना या महामारी को भी निमंत्रण दे रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >