सांसद अजय मंडल के कार्यालय में चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा के ककना दियारा से दबोचा गया अभियुक्त

भागलपुर के तिलकामांझी स्थित सांसद अजय मंडल के आवास सह कार्यालय में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोड्डा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ककना दियारा गांव निवासी अमन कुमार झा के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गई सरकारी पिस्टल, 35 जिंदा कारतूस, डीवीआर सेट, सीपीयू तथा दो मॉनिटर बरामद किये हैं. सांसद कार्यालय में हुई इस दुस्साहसिक चोरी की घटना के बाद भागलपुर पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के माध्यम से मामले की जांच कर रही थी.

तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद मिली सफलता

भागलपुर-01 के एसडीपीओ अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोड्डा मुफ्फसिल थाना पुलिस के सहयोग से विशेष अभियान चलाया. इसी दौरान जाल बिछाकर अमन कुमार झा को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के क्रम में आरोपी की निशानदेही पर एक सरकारी पिस्टल, 35 जिंदा कारतूस, एक डीवीआर सेट, एक सीपीयू और दो मॉनिटर बरामद किये गये. बरामद सामान सांसद कार्यालय से चोरी किये गये सामानों में शामिल बताये जा रहे हैं.

दो अन्य संदिग्धों को भी लिया गया हिरासत में

मुफ्फसिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा के अनुसार, भागलपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान अमन कुमार झा के अलावा दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है. फिलहाल भागलपुर पुलिस सभी आरोपियों को अपने साथ लेकर गयी है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की घटना में शामिल अन्य सदस्यों तथा पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.

पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी मामला

सांसद के आवास सह कार्यालय में घुसकर सरकारी हथियार और कारतूस की चोरी की घटना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गयी थी. मामले के खुलासे और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को भागलपुर एवं गोड्डा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर इस मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >