गोड्डा के खटनई चौक पर हुआ वट-पीपल वृक्षों का अनोखा विवाह समारोह

वृद्ध पेड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रस्मों के साथ संपन्न

गोड्डा सदर प्रखंड के खटनई चौक पर बुधवार की रात एक अनोखा विवाह समारोह आयोजित किया गया. इस आयोजन में ग्रामीणों ने बराती और घराती की भूमिका निभायी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वट (बरगद) और पीपल के वृक्षों का विवाह संपन्न हुआ. जानकारी के अनुसार, डीजे की धुन पर बराती नाचते-गाते, रंग-बिरंगी आतिशबाजी, हल्दी-मेहंदी जैसे पारंपरिक कार्यक्रम और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच यह विवाह किसी सामान्य दूल्हा-दुल्हन का नहीं, बल्कि वट और पीपल के दो पेड़ों का था. महिलाएं मंगल गीत गाकर पूरे माहौल को पारंपरिक रंगों से सजाया. खटनई चौक पर वर्षों पूर्व लगाये गये वट और पीपल के वृक्षों को दूल्हा और दुल्हन की तरह सजाया गया. विवाह से पूर्व हल्दी और मेहंदी की रस्में भी विधिवत संपन्न की गयीं. इसके बाद पंडित निर्मल दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोनों वृक्षों का विवाह कराया. सभी रस्मों के अनुरूप फेरे भी कराये गये. इस समारोह में भारतीकित्ता निवासी हीरालाल यादव और उनकी पत्नी सरिता देवी ने मुख्य यजमान की भूमिका निभायी. आयोजन के अंत में वर-वधू के सुखद और दीर्घ सौभाग्य की कामना के साथ भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया. इस अनोखे विवाह समारोह के माध्यम से ग्रामीणों ने दोनों वृक्षों की सुरक्षा और देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया. इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश फैलाया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >