मंडल टोला की जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, जलजमाव और कीचड़ से आवागमन प्रभावित

मेहरमा के मंडल टोला में जर्जर सड़क और जलजमाव से ग्रामीण परेशान हैं। कीचड़ के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो गया है। प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग।

मेहरमा प्रखंड क्षेत्र की शंकरपुर पंचायत स्थित मंडल टोला में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हल्की बारिश होते ही कच्ची सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन कठिन हो जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी करीब 300 है. वर्षों पहले यहां पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन कुछ ही वर्षों में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पुनः कच्चे मार्ग में तब्दील हो गयी. वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं, जिनमें बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला पानी जमा हो जाता है.

मुख्यालय से 500 मीटर दूर बदहाल सड़क

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क प्रखंड मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है. ऐसे में यदि मुख्यालय के समीप स्थित सड़क की यह स्थिति है, तो दूरस्थ गांवों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है. उनका कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने-जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

बीमारों को अस्पताल पहुंचाने में होती है परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है. बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं. ग्रामीण उमेश पासवान, शंकर पासवान, पंकज कुमार तांती एवं सिंटू तांती सहित अन्य लोगों ने वरीय प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet kumar

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >