महागामा प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सुपरवाइजर दीप्ति कुमारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाना तथा सेविकाओं को आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना था. प्रशिक्षण में विभिन्न पंचायतों की आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल हुईं. इस दौरान सुपरवाइजर अनिता हेंब्रम ने सेविकाओं को योजना के तहत मिलने वाले लाभ, आवेदन प्रक्रिया और लाभुकों की सही पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में जाकर महिलाओं को मातृ वंदना योजना के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना का लाभ न छूटे. प्रशिक्षण में पोषण ट्रैकर ऐप में आभा और अपार आईडी बनाने की प्रक्रिया भी सेविकाओं को सिखायी गयी. डिजिटल माध्यम से लाभुकों का डेटा अपडेट करने से योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से लाभुकों तक पहुंचाने में आसानी होगी. साथ ही पोषण ट्रैकर पर लाभुकों की सही जानकारी दर्ज करने और समय-समय पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया. सुपरवाइजर ने बताया कि जब कोई महिला पहली बार गर्भवती होती है, तब प्रथम टीटी टीका लेने के बाद संबंधित लाभुक की जानकारी पोषण ट्रैकर में अनिवार्य रूप से दर्ज करनी चाहिए. इससे लाभुक को समय पर योजना का लाभ मिल सकेगा. उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं को सरकार और ग्रामीण महिलाओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है.
आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर दिया गया प्रशिक्षण
सेविकाओं को योजना और लाभ प्रक्रिया की दी गयी जानकारी
