प्रतिनिधि, पथरगामा. झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, जेसीईआरटी रांची के निदेशक के कार्यालय आदेश के आलोक में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है. सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र, सीसीआरटी नई दिल्ली द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशालाओं के लिए गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, तरडीहा की शिक्षिका व पथरगामा निवासी दर्शना कुमारी पांडेय का चयन किया गया है.
पांच दिवसीय कार्यशाला के लिए चयन
सीसीआरटी के पत्रांक CCRT/13011/2026 दिनांक 04.05.2026 के अनुसार देश के विभिन्न राज्यों में चार विषयों पर कार्यशाला आयोजित की जा रही है. इनमें हमारी सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा में पुतली कला की भूमिका, अनुस्थापन पाठ्यक्रम एवं विद्यालयी शिक्षा में संग्रहालयों की भूमिका विषय शामिल हैं.
हैदराबाद में होगी कार्यशाला
सीसीआरटी रीजनल सेंटर, हैदराबाद, तेलंगाना में पांच दिवसीय विद्यालयी शिक्षा में संग्रहालयों की भूमिका विषय पर कार्यशाला के लिए पथरगामा की शिक्षिका दर्शना कुमारी पांडेय को प्रतिनियुक्त किया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोड्डा के कार्यालय के अनुसार दर्शना कुमारी पांडेय को 18.09.2026 के अपराह्न से कार्यशाला में भाग लेने हेतु विरमित किया गया है.
21 से 25 सितंबर तक चलेगी कार्यशाला
कार्यशाला में भाग लेने के लिए शिक्षिका दर्शना कुमारी पांडेय पथरगामा से हैदराबाद के लिए रवाना हो चुकी हैं. बताया गया कि कार्यशाला 21 से 25 सितंबर तक चलेगी. कार्यशाला के आयोजक सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र, सीसीआरटी, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार हैं.
अनुभव आधारित शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
बताया गया कि यह कार्यशाला संग्रहालय को शिक्षण केन्द्र के रूप में अध्ययन करने, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राष्ट्रीय संग्रहालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र जैसे प्रमुख संग्रहालयों से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है. इससे नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा.
