प्रतिनिधि, गोड्डा
गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र में हर बारिश के साथ जलजमाव की समस्या एक बार फिर विकराल रूप ले लेती है. वर्षों से नगर सरकारें बदलती रहीं, चुनावों में जल निकासी के बड़े-बड़े वादे भी हुए, लेकिन शहरवासियों को अब तक स्थायी समाधान नहीं मिल सका है. हल्की बारिश के बाद ही कई वार्डों की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं. कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर चुनाव में जल निकासी को प्रमुख मुद्दा बनाया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही वादे भी खत्म हो जाते हैं. नगर परिषद के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 7, 8, 9, 10 और 11 सबसे अधिक प्रभावित हैं. शिवपुर, साकेतपुरी और चपरासी टोला में हालात सबसे ज्यादा खराब बने हुए हैं.
पुलिया नहीं बनने से बढ़ी परेशानी, घरों में घुसा पानी
चपरासी टोला में जलजमाव की समस्या सबसे गंभीर है. कारगिल चौक से पथरा बेलारी तक करोड़ों रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन सत्संग भवन के समीप जल निकासी के लिए पुलिया नहीं बनने से बारिश का पानी निकल नहीं सका. नतीजतन कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया और लोग घरों में कैद होकर रह गये.
स्थिति बिगड़ने पर नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि की पहल पर पानी निकासी के लिए नवनिर्मित पक्की सड़क को बीच से काटकर रास्ता बनाया गया. इससे जलजमाव से कुछ राहत मिली, लेकिन सड़क कटने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. करीब दो दर्जन गांवों का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क बाधित हो गया है. अब लोगों को लंबा चक्कर लगाकर शहर पहुंचना पड़ रहा है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.
वहीं चपरासी मोहल्ले में वृद्धाश्रम के समीप भी जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है.
गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर भी जलभराव
गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर भी जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त नजर आ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बनी पुलिया में मिट्टी भर जाने से नालियों का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है. इससे मुख्य सड़क पर गंदा और बदबूदार पानी जमा हो गया है.
जलभराव के कारण पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है. लगातार पानी जमा रहने से सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बढ़ गयी है.
शिवपुर में जाम नालियां बनीं बड़ी वजह
शिवपुर मोहल्ले के निचले इलाकों में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने से उनमें गाद भर गयी है. नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा हो रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर परिषद और प्रशासन से शिकायत की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. जलजमाव के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है. वहीं जमा पानी में मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. नगर परिषद की सफाई व्यवस्था और जल निकासी प्रबंधन को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है.
लोगों की प्रमुख मांगें
शहर के लिए स्थायी ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण हो.
जाम नालियों की नियमित सफाई करायी जाये.
जल निकासी के लिए अधूरी पुलिया का निर्माण जल्द पूरा किया जाये.
बारिश से पहले संवेदनशील इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाये.
क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन सुचारु किया जाये.
ये भी पढ़ें...
Dhanbad SIR: धनबाद में मतदाताओं की प्रारूप सूची जारी, शाम चार बजे तक बूथों पर देख सकेंगे अपना नाम
धनबाद में टला बड़ा हादसा: शांति भवन के मीटर रूम में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
