बलबड्डा थाना क्षेत्र के अमौर दुर्गा मंदिर, दरियापुर और खट्ठी दुर्गा मंदिर में महा अष्टमी पूजा के अवसर पर डाला चढ़ाने को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी. अमौर दुर्गा मंदिर में पंडित ललन झा द्वारा यजमान विजय मंडल और पत्नी प्रमिला देवी, दरियापुर मंदिर में पंडित हिमांशु उपाध्याय के द्वारा यजमान रवि कुमार सिंह और पत्नी शीलू सिंह, जबकि खट्ठी मंदिर में पंडित रजनीश आनंद झा के द्वारा यजमान मुकुल कापरी और पत्नी नीलम देवी को माता महागौरी की विधिवत पूजा-अर्चना करायी गयी. पूजा-अर्चना के दौरान यजमानों ने सर्वप्रथम माता रानी को डाला चढ़ाया और नारियल फोड़ा. इसके बाद सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पंडितों के मार्गदर्शन में डाला चढ़ाकर नारियल फोड़ा. महाष्टमी के दिन श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए सभी मंदिर कमेटी के सदस्यों ने पुरुष और महिलाओं के लिए कतारबद्ध व्यवस्था कर पूजा-अर्चना करायी. इस दौरान पुलिस बल की भी उपस्थिति रही. सभी मंदिरों की सुरक्षा और निगरानी बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह द्वारा सुनिश्चित की गयी.
अमौर, दरियापुर और खट्ठी मंदिरों में महाष्टमी पूजा में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़
डाला चढ़ाने और नारियल फोड़ने के साथ विधिवत पूजा-अर्चना, पुलिस बल तैनात
