गोड्डा: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को मेहरमा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में परिवहन विभाग की पहल पर विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया. पहली बार आयोजित इस शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.
अब तक ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को जिला मुख्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खर्च होता था. आम लोगों की इस परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर के माध्यम से आवेदन लेने का निर्णय लिया. इसी के तहत जिला परिवहन विभाग द्वारा मेहरमा में 29 एवं 30 जुलाई को दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया है.
जिला परिवहन विभाग से पहुंचे कंप्यूटर ऑपरेटर नंदन पंडित ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुए शिविर में लोगों का उत्साह उम्मीद से कहीं अधिक रहा. पहले दिन शाम चार बजे तक लगभग 250 आवेदकों का ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल फोटो और हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी की गयी. उन्होंने बताया कि विभागीय टीम तब तक शिविर में मौजूद रहेगी, जब तक वहां पहुंचे सभी आवेदकों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती.
सीएससी केंद्रों पर भी कराया जा सकता है आवेदन
नंदन पंडित ने बताया कि जो लोग किसी कारणवश इस विशेष शिविर में शामिल नहीं हो सके, वे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ब्लड ग्रुप रिपोर्ट की प्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो लेकर अपने नजदीकी सीएससी (प्रज्ञा) केंद्र में ऑनलाइन आवेदन करा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन के ड्राइविंग लाइसेंस के लिए सरकारी शुल्क ₹250, जबकि दोपहिया एवं चारपहिया दोनों श्रेणियों के लाइसेंस के लिए ₹500 निर्धारित है. ऑनलाइन आवेदन के बाद प्राप्त रसीद एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर अथवा जिला परिवहन कार्यालय पहुंचकर बायोमेट्रिक सत्यापन एवं ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
