कोर्ट प्रतिनिधि,गोड्डा व्यवहार न्यायालय स्थित लाइब्रेरी सभागार में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के क्रियाकलापों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. इसमें प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया. इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 90 दिवसीय गहन विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आम लोगों के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार और अवलोकन के उद्देश्य से इस तरह की प्रदर्शनी आयोजित की जाती है. इससे आम नागरिकों को डालसा की गतिविधियों की जानकारी मिलती है. प्रदर्शनी देखने पहुंचीं पूजा कुमारी, अनीता सोरेन, धनंजय कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस आयोजन से वे संस्थान के कार्यों और सेवाओं से अवगत हुए. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस जानकारी का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विधिक सेवाओं के बारे में जागरूक किया जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
