गोड्डा में अकीदत और उल्लास के साथ मनाया जाएगा ईद-उल-फितर

रमजान के 30 रोजे पूरी होने के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में उत्सव की तैयारियां पूरी

गोड्डा जिले में माह-ए-रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा. शुक्रवार शाम को शव्वाल का चांद दिखाई देने के साथ ही शहर और गांवों में खुशियों का माहौल छा गया. रमजान के अंतिम जुमे की नमाज शुक्रवार को अदा की गयी. जिले के प्रशासन और संबंधित कमेटियों द्वारा ईदगाहों और मस्जिदों की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य पूरा कर लिया गया है. सभी स्थानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है. गोड्डा शहर के फसिया डंगाल रोड स्थित मुख्य ईदगाह में नमाज के लिए पंडाल और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गयी है. शहर की विभिन्न मस्जिदों में नमाज का समय भी निर्धारित किया गया है, ताकि लोग समय पर पहुंचकर इबादत कर सकें.

सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

ईद के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. गोड्डा एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए असनबनी चौक से फसिया डंगाल की ओर जाने वाली सड़क वाहनों के लिए बंद रहेगी. ईदगाह और मस्जिदों के आस-पास सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे. पूर्व संध्या पर बाजारों में कपड़े, सेवइयां और इत्र की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गयी. हालांकि कुछ इलाकों में रसोई गैस की कमी के कारण गृहिणियों को पकवान बनाने में कठिनाई हुई, लेकिन त्योहार का उत्साह कम नहीं हुआ.

गोड्डा शहर में ईद की नमाज का समय

असनबनी (फसिया डंगाल) ईदगाह : सुबह 8:45 बजे

न्यू मार्केट मस्जिद : सुबह 8:45 बजे

वारसी मस्जिद, असनबनी : सुबह 8:15 बजे

मदीना मस्जिद, फसिया डंगाल : सुबह 8:50 बजे

जामा मस्जिद, सरकंडा : सुबह 8:45 बजे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >