हाईवा-कार की टक्कर में युवक की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल, भागलपुर रेफर

-गोड्डा-पोड़ैयाहाट एनएच-133 पर नववर्ष की पहली रात दर्दनाक हादसा, परिजनों ने किया सड़क जाम

नववर्ष के पहले दिन गुरुवार की देर रात हंसडीहा-गोड्डा एनएच-133 हाईवे पर पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के भटौंदा गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में निरंजन मिर्धा (36 वर्ष), निवासी गरवन्ना, मुफसिल थाना, की मौत हो गयी. वहीं चालक मनीष कुमार कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. जानकारी के अनुसार, निरंजन मिर्धा और चालक मनीष कुमार बोलेनो कार (जेएच 15 एएल 1044) से देवघर जिले के मोहनपुर से अपने घर लौट रहे थे. रात करीब 11 बजे भटौंदा गांव के पास उनकी कार का डीबीएल कंपनी के एक हाइवा से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और दोनों कार सवार वाहन में फंस गये. घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और डीबीएल कंपनी के कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी. थाना प्रभारी महावीर पंडित के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा. ग्रामीणों की मदद से फंसे हुए दोनों को बाहर निकाला गया. घायलों को एम्बुलेंस से गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया, जहां निरंजन मिर्धा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. चालक मनीष कुमार कुशवाहा का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच, भागलपुर रेफर किया गया. उनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. मृतक के परिजनों ने बताया कि निरंजन रेलवे के संवेदक के यहां काम करता था और घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. वह पीछे अपनी पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गये. हादसे के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं.

दो लाख मुआवजा मिलने के बाद हटाया जाम

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजन एवं ग्रामीणों ने एनएच-133 पर भटौंदा गांव के समीप डीबीएल कंपनी के बेस कार्यालय के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की. कंपनी अधिकारियों और परिजनों के बीच मुआवजा राशि पर सहमति नहीं बनी. सूचना मिलने पर डीएसपी एवं थाना प्रभारी महावीर पंडित के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस और कंपनी के बीच वार्ता के बाद परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा दिलाया गया. इसके बाद करीब चार घंटे चले सड़क जाम को हटाया गया. हाईवे पर हुई यह घटना तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है. नववर्ष की पहली ही रात इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >