पथरगामा में सड़क दुर्घटना में नवपदस्थापित पंचायत सचिव की मौत

पोड़ैयाहाट से प्रभार देने महागामा जा रहे थे पंचायत सचिव, तभी हो गया हादसा

पथरगामा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में पोड़ैयाहाट प्रखंड के नवपदस्थापित पंचायत सचिव ललित आनंद झा की मौत हो गयी. मृतक साहेबगंज जिला के जिरवाड़ी थाना अंतर्गत छोटा पाचगढ़ा के निवासी थे. जानकारी के अनुसार, एनएच-133 फोरलेन के गंधर्वपुर ओवर ब्रिज के समीप अज्ञात वाहन ने ललित आनंद झा की स्कूटी (वाहन संख्या जेएच 17 एडी 3133) को पीछे से टक्कर मार दी. स्कूटी सहित सड़क पर गिरने के कारण पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने तुरंत पथरगामा थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक ज्योति तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल पंचायत सचिव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा पहुंचाया. चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने पंचनामा पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया. मृतक के पिता राजशेखर झा समेत परिवारजन पथरगामा थाना पहुंचे और पुत्र की मौत पर गहरे शोक में डूब गये. पिता ने अज्ञात वाहन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने हेतु आवेदन दिया. बताया गया कि बुधवार को ललित आनंद झा महागामा प्रखंड के धर्मोडीह पंचायत सचिवालय में प्रभार देने जा रहे थे. पुलिस के अनुसार, पंचायत सचिव ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर के कारण हेलमेट सिर से हटकर सड़क पर जा गिरा. हादसे ने गोड्डा जिले के पंचायत सचिवों के बीच शोक की लहर दौड़ा दी है. घटना से सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी वाहन की तलाश की जा रही है.

मार्च 2026 में पथरगामा क्षेत्र में दो अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत

पथरगामा थाना क्षेत्र में मार्च 2026 में पहली दुर्घटना बाबूपुर के आगे ओवर ब्रिज के समीप हुई. यहां सादे रंग की वैगन आर कार (वाहन संख्या जेएच 10 सीएफ/2237) ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को उपचार के लिए पहले सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया. रास्ते में ही एक घायल की मौत हो गयी. घटनास्थल पर कार तेज रफ्तार में गोड्डा की ओर से पथरगामा की तरफ आ रही थी. कार असंतुलित होकर बाइक को पीछे से ठोकर मारते हुए फोरलेन के डिवाइडर को तोड़कर पलट गयी और सड़क के दाहिने छोर में जा घुसी. मार्च माह में ही दूसरी सड़क दुर्घटना निमावरण गांव के पास हुई, जहां ट्रैक्टर और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में ऑटो सवार गुलशन कुमार बुरी तरह घायल हो गये. घायल को तत्काल सदर अस्पताल गोड्डा पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया. इलाज के दौरान गुलशन कुमार की मृत्यु हो गयी. मृतक अपने घर लौट रहे थे. पोड़ैयाहाट स्थित झारखंड राज्य अनुसचिवीय कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष मो. मुजाहिदुल इस्लाम ने डीसी को पत्र लिखकर मृतक ललित झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. ललित झा पोड़ैयाहाट के पिंडराहाट पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे और 2023 में नौकरी ज्वाइन की थी. संगठन ने उनके आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है. पथरगामा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं ने क्षेत्रवासियों को चिंतित कर दिया है. प्रशासन और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >