जमनी बनवीर टोला में विवाहिता की मौत, पति गिरफ्तार

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमनी बनवीर टोला में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला

गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमनी बनवीर टोला में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया. मृतका की पहचान 27 वर्षीय फूल कुमारी के रूप में हुई है, जो जमनी बनवीर टोला निवासी ओमप्रकाश महतो की पत्नी थीं. मृतका के पिता खगेंद्र महतो, निवासी शहरपुर गांव ने अपने दामाद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया है. उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह वर्ष 2019 में ओमप्रकाश महतो के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था. दंपति के दो बच्चे हैं एक पुत्र और एक पुत्री. खगेंद्र महतो का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ओमप्रकाश महतो अपनी पत्नी के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता रहा. उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी पति ने पूर्व में भी उनकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दी थी. पिता ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनके पुत्र के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि फूल कुमारी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही वे परिवार सहित मौके पर पहुंचे और अपनी पुत्री का शव जमीन पर पड़ा पाया. मायके पक्ष का दावा है कि मृतका के मुंह से खून निकल रहा था, नाक और कान से भी रक्तस्राव के निशान थे. साथ ही गले पर गहरे निशान भी पाये गये. पिता ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं हो सकता है. दामाद ने पूर्व में भी जान से मारने की धमकी दी थी और इस बार उसने गला दबाकर उनकी बेटी की हत्या कर दी है.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

पीड़ित पिता द्वारा थाना में आवेदन देकर आरोपी पति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गयी है. साथ ही मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेजा गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

-आनंद कुमार साहा, थाना प्रभारी, गोड्डा मुफस्सिलB

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >