गोड्डा : जिले में मलेरिया एवं डायरिया का कहर नहीं थम रहा है. आये दिन लोग बीमारी की चपेट में आकर अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे हैं. बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र के ईटहरी गांव निवासी मंगल सोरेन की सात वर्षीय पुत्री सुरभि सोरेन हैवी मलेरिया से ग्रसित होने के कारण गंभीर स्थिति में है. परिजनों ने बताया कि पहले गांव में ही स्थानीय चिकित्सकों ने इलाज किया था. स्थिति सुधरने के बजाय और खराब होने लगी. महगामा अस्पताल में इलाज के लिए ले गये,
वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया. शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सक जुनैद आलम ने बच्चे का इलाज किया. किंतु गंभीर हालत में लाये जाने पर उन्हाेंने भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है. इधर, सुंदरपहाड़ी प्रखंड क्षेत्र के सलगामा गांव निवासी बैजनाथ पहाड़िया के पांच वर्षीय पुत्र विकास पहाड़िया की भी ब्रेन मलेरिया से हालत गंभीर बनी हुई है. परिजनों ने बताया कि काफी दिनों से बीमार चल रहा है. हैवी मलेरिया होने से उसे अस्पताल में स्लाइन दवा दी जा रही है.
वहीं, सदर प्रखंड क्षेत्र के मौलनाकित्ता गांव निवासी प्रदीप मंडल की पत्नी 22 वर्षीय संजू देवी डायरिया से पीड़ित होकर अस्पताल में भर्ती करायी गयी है. मां नुको देवी ने बताया कि तीन चार दिनों से उलटी दस्त की शिकायत हो रही है. सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देख रेख में ब्रेन मलेरिया व डायरिया रोग से ग्रसित का इलाज किया जा रहा है.
