महगामा : महगामा रेफरल अस्पताल में रविवार देर रात प्रसव के बाद प्रसूता संगीता देवी (25) की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. प्रसूता महगामा के ही रविदास टोला की रहनेवाली है. अत्यधिक रक्तस्राव से महिला की मौत होने का कारण अस्पताल प्रबंधन ने बताया है.
जबकि परिजनों ने एएनएम मीना देवी पर गलत स्लाइन चढ़ाने का आरोप लगाते हंगामा कर दिया. सूचना पर महगामा थाना के अवर निरीक्षक सुरेंद्र ठाकुर पहुंच कर परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे थे.
पर परिजन एएनएम पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. परिजनों ने इसकी शिकायत प्रभारी सीएस डॉ बनदेवी झा से की. इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी सीएस ने एएनएम को निलंबित कर दिया है. महिला के पति मनोज कुमार दास ने बताया कि शनिवार को ही प्रसव पीड़ा होने पर उसे अस्पताल में भरती कराया था.
रविवार रात को बच्चा होने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. एएनएम से बार-बार रेफर करने की गुहार लगाते रहे. पर वह स्लाइन चढ़ा कर स्थिति को नियंत्रित करने का आश्वासन दे रही थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते सही स्लाइन चढ़ाया जाता तो खून की कमी से उसकी मौत नहीं होती.
और उसकी जान बच जाती. गलत सलाइन चढ़ाने के दो घंटे बाद उसके शरीर में अकड़न होने लगी और दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन एएनएम पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. शिकायत प्रभारी सीएस डाॅ वनदेवी झा त्वरित कार्रवाई करते हुए एएनएम को निलंबित कर दिया.
