राहत. हथिया नक्षत्र में हुई बारिश ने किसानों के चेहरे पर लौटायी खुशी
20-25 दिनों से नहीं हुई थी अच्छी बारिश
जुलाई माह में सामान्य से कम 110 मिमी हुई थी बारिश
गोड्डा : गोड्डा में रविवार व सोमवार हुई बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है. धान की फसल लहलहाने लगी है. दोनों दिन जिले में अच्छी बारिश हुई है. करीब 20 से 25 दिनों बाद जिले में एेसी बारिश हुई है. करीब 20 दिनों से बारिश नहीं होने से खेतों में धान की फसल मुरझा रही थी. बारिश के अभाव में किसान पटवन को लेकर काफी परेशान थे. वे पानी के लिए लालायित थे. अब बारिश होने से किसानों की चिंता गायब हो गयी है. किसान बारिश के बाद लहलहाते धान के खेत को देख कर खुश हैं. मालूम हो कि हाल के दिनों में जिले में अच्छी बारिश नहीं हुई थी. विभाग की ही मानें तो जुलाई, अगस्त व सितंबर माह में अच्छी वर्षापात नहीं हुई है.
औसत वर्षापात भी नहीं हुई है. जुलाई माह में सामान्य से कम वर्षापात 110 मिमी कम हुई है. जबकि अगस्त व सितंबर में भी सामान्य से कम वर्षापात रिकॉर्ड की गयी है. पटवन के अभाव में ही खेतों में दरार आ रही थी. अब अच्छी बारिश हो गयी तो कम से कम धान की बीमारियां सहित धान के फूटने की प्रबल संभावना है. पटवन के अभाव में किसान पानी खरीद कर पटवन का काम कर रहे थे. अब कम से कम इस परेशानी से किसान बच गये. हालांकि जिले के किसान हथिया नक्षत्र में वर्षा को लेकर आशािन्वत थे. किसान हथिया नक्षत्र में बारिश का इंतजार कर रहे थे. जिले में सिंचाई के परंपरागत स्रोत से धान को बचाया जा सकता है. यहां के किसान मुख्य रूप से धान की उपज के लिए बारिश पर ही आश्रित है. पटवन का घोर अभाव है.
महगामा सहित अन्य प्रखंडों में हुई जोरदार बारिश
वहीं महगामा सहित अन्य प्रखंडों मेहरमा, ठाकुरगंगटी में भी अच्छी बारिश हुई है. यहां भी लगाये गये धान की फसल को फायदा पहुंचा है. इन प्रखंडों के किसानों ने भी राहत की सांस ली है. किसान रघुवर यादव, मधुसूदन मंडल, रवि महतो आदि ने बताया कि काफी दिनों बाद अच्छी वर्षा हुई है. पानी के अभाव में धान के खेत में पानी पहुंचने से राहत हुई है.
अच्छी बारिश हुई है. धान की फसल को इससे फायदा पहुंचेगा. धान की उपज अच्छी होगी.”
-संतोष कुमार,जिला कृषि पदाधिकारी,गोड्डा
