बगोदर वन क्षेत्र में करीब 25 हाथियों के झुंड का उत्पात लगातार जारी है. बीते एक पखवाड़े से क्षेत्र में डेरा जमाये हाथियों ने बुधवार की रात खेतको पंचायत के कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया. इसके बाद गुरुवार की देर रात भी हाथियों ने खेतको गांव में कई किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया. हाथियों ने तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि दर्जनों किसानों की मकई, धान और बादाम की फसल रौंदकर नष्ट कर दी.
ग्रामीणों में भय, वन विभाग के प्रति आक्रोश
हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल है. फसल और घरों को नुकसान पहुंचने से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के झुंड के कारण उनकी जान-माल और फसलों पर लगातार खतरा बना हुआ है.
विधायक ने गांव पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा
शुक्रवार को बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो खेतको गांव पहुंचे. उन्होंने हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किये गये घरों और बर्बाद फसलों का जायजा लिया. इस दौरान विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों और किसानों से घटना की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं सुनीं.
डीएफओ से बात कर सुरक्षित तरीके से हाथियों को भगाने की मांग
विधायक नागेंद्र महतो ने दूरभाष पर हजारीबाग डीएफओ से बात की. उन्होंने क्षेत्र में घूम रहे हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भगाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की. साथ ही प्रभावित ग्रामीणों और किसानों को राहत दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही.
