Giridih News :घाटकुल पंचायत के एक घर में नहीं पहुंचा पानी

Giridih News :केंद्र सरकार ने हर घर पानी पहुंचाने के लिए नल जल योजना शुरू की है, लेकिन विभागीय शिथिलता व संवेदक की मनमानी के कारण योजना कागजों पर ही सिमट कर रह गयी है.

कुछ ऐसा ही मामला प्रखंड की घाटकुल पंचायत में सामने आया है. यहां आधा-अधूरा काम कर संवेदक गायब हो गया है. जानकारी के अनुसार घाटकुल पंचायत में नल जल योजना का कार्य बुद्धा कंस्ट्रक्शन को मिला है. इस निहित पंचायत के घाटकुल, आहारडीह, मड़वाटांड़, बक्सीगरजा, भंडरकुंडा, लेदो व सोनाजोरी गांव में कुल 52 स्थानों पर बोरिंग की गयी है. कई स्थानों पर बोरिंग से पानी ही नहीं निकलता है.

अधिकांश गांव में नहीं लगे स्टैंड पोस्ट

इतना ही नहीं कुछ स्थानों पर स्ट्रक्चर लगाकर टंकी लगायी गयी है और कुछ जगह महज स्ट्रक्चर लगाकर छोड़ दिया गया है. सबसे बड़ी बात यह है कि अधिकांश गांव में पाइप और स्टैंड पोस्ट भी नहीं लगाया गया है. इसके कारण आज तक ग्रामीणों को नल से जल की सुविधा नहीं मिल रही है. समाजसेवी मो मंजूर, मो मुर्तजा, मो हबीब, मो सफरुल, मो इमरान, मो मुख्तार आदि ने बताया कि पिछले दो वर्ष से आधा अधूरा कार्य छोड़ संवेदक गायब है. इसके कारण ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. सूत्रों की मानें तो संवेदक व पेटी ठेकेदार के बीच लेनदेन के विवाद के कारण योजना अधर में लटक गयी है.

दो वर्ष से बंद है योजना का कार्य : मुखिया

घाटकुल पंचायत के मुखिया अब्दुल हफीज ने कहा कि पंचायत में अधिकांश बोरिंग डेड हो चुकी है. कहीं स्ट्रक्चर व टंकी तो लगी है, लेकिन पाइप नहीं बिछी है.दो वर्ष पूर्व संवेदक भी काम आधा-अधूरा छोड़ कर गायब है. इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है.

संवेदक को कार्य पूरी करने का दिया गया है निर्देश : जेई

पेयजल व स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता बबलू हांसदा ने कहा कि कतिपय कारणों से घाटकुल में नल जल योजना का कार्य ठप है. संवेदक को अविलंब कार्य शुरू कर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >