भाजपा : नौ से 15 मार्च तक चलेगी मंडलों में चुनावी प्रक्रिया, जिलास्तर पर भाजपा में राजनीति गरमायी
भाजपा में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. मार्च में बूथ अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष का चुनाव होना है. इसको लेकर जिलास्तर पर भाजपा में राजनीति गरमायी हुई है. इस बार पार्टी ने पदधारकों के लिए उम्र सीमा तय कर दी गयी है. इसके तहत मंडल अध्यक्ष के लिए 35 वर्ष से 45 वर्ष तक की आयु सीमा तय की गयी है. बता दें कि गिरिडीह जिले में सांगठनिक दृष्टिकोण से भाजपा का 34 मंडल है. इनमें से धनवार, जमुआ और बगोदर विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले मंडलों में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है. गत विधानसभा चुनाव में इन तीनों सीटों पर भाजपा की जीत हुई है. लिहाजा मंडल अध्यक्ष बनने को लेकर कई दावेदार सपना संजोये हुए हैं. इनमें कुछ जहां खुलकर सामने आ रहे हैं, वहीं कई वेट एडं वाच की स्थिति में हैं. बताया गया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में नौ से 15 मार्च तक मंडलों में चुनावी प्रक्रिया चलेगी. वहीं 19 मार्च तक मंडल अध्यक्षों के नामों की घोषणा की जायेगी.गुटबाजी देख सर्वसम्मति से तीन नामों के चयन पर होगा फोकस
सूत्रों के मुताबिक मंडल अध्यक्षों के चुनाव को लेकर गुटबाजी शुरू हो गयी है. जिला से लेकर मंडल स्तर पर रहने वाले कार्यकर्ता अपने-अपने पसंदीदा को नये मंडल अध्यक्ष के रूप में देखना पसंद कर रहे हैं. गिरिडीह नगर क्षेत्र में तो जमकर खिचड़ी पक रही है. चूंकि आने वाले दिनों में नगर निगम का चुनाव होना है, ऐसे में कईयों की चाहत भाजपा नगर अध्यक्ष बनने की है. ताकि निगम चुनाव के दौरान उनकी भूमिका अहम हो सके. पार्टी सूत्रों के मुताबिक गिरिडीह नगर क्षेत्र में पूर्व की भांति सांगठनिक गतिविधियों में कमी रही है. गिरिडीह शहर भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है, किंतु इस क्षेत्र में झामुमो का सांगठनिक विस्तार भाजपा नेताओं के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. लिहाजा इस बार ऐसे कार्यकर्ता को नगर अध्यक्ष बनाये जाने पर बल दिया जा रहा है जो शहरी क्षेत्र में संगठन को धार पैदा कर सके. इधर, मंडल अध्यक्ष पद को लेकर गुटबाजी देख सर्वसम्मति से तीन नामों के चयन पर फोकस किया जा रहा है. इन्हीं तीन नामों में से एक का नाम मंडल अध्यक्ष के रूप में घोषित की जायेगी.
चल रही है सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया : प्रदीप
भाजपा के चुनाव सह अधिकारी प्रदीप साव ने बताया कि जिले में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है. बूथ कमेटियों को सशक्त किया जा रहा है. इसके बाद पंचायत संयोजक और सह संयोजक चुने जायेंगे. मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सभी मंडलों में प्रभारियों का मनोनयन हो चुका है. मंडलों में बैठक कर तीन दावेदारों के नामों को सूचीबद्ध करना है. 19 मार्च तक मंडल अध्यक्षों की घोषणा हो जायेगी. उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष के लिए उम्र सीमा तय की गई है. ताकि लंबे समय तक उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिलता रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
