दो स्थानों पर योजना बंद देख जतायी नाराजगी
देवघर से रांची जाने के क्रम में सड़क किनारे के गांव पहुंचे
पेयजल व स्वच्छता विभाग के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा ने रविवार को फिटकोरिया और ताराजोरी पंचायत के गांवों में नल जल योजना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी ली. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नल को चालू कर पानी आपूर्ति की स्थिति भी देखी. निरीक्षण के क्रम में प्रधान सचिव ताराजोरी पंचायत के धुमाडीह गांव पहुंचे. गांव में दो स्थानों पर बनाये गये प्वांइट की जांच की. जांच में दोनों प्वांइट बंद मिले. दोनों स्थानों से पानी नहीं निकलने पर सचिव ने नाराजगी जतायी. कहा सिर्फ प्वाइंट बनाकर संवेदक ने खानापूर्ति की है. इससे जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है. वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि योजना में कार्य किये संवेदक की मनमानी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक के कर्मियों को पानी चालू कराने की बात कही थी, लेकिन उसने आश्वासन देकर कार्य को पूरा नहीं किया.कार्यपालक अभियंता को लगायी फटकार
प्रधान सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौजूद कार्यपालक अभियंता को फटकार लगाते हुए लगातार निरीक्षण नहीं करने की बात कही. कहा लगातार माॅनिटरिंग होती, तो योजना चालू रहती. उन्होंने शीघ्र दोनों प्वांइट को चालू करवा रिपोर्ट करने की बात कही. प्रधान सचिव घुठिया और छछंदो गांव में कई प्वांइट की जांच की, इसमें टोटी से पानी निकलते देख उन्होंने संतुष्टि जताई. कहा कि गर्मी ने दस्तक दे दी है. ऐसे में किसी भी स्थान पर जलापूर्ति बंद नहीं होनी चाहिए. योजना का लाभ ग्रामीणों को मिले इसका ध्यान संवेदक के साथ साथ विभागीय अधिकारियों को भी रखनी है. वह देवघर से रांची जाने के क्रम में मुख्य सड़क के किनारे गांवों में निरीक्षण कर रहे थे. मौके पर कार्यपालक अभियंता भिखराम भगत, सहायक अभियंता नीरज कुमार, कनीय अभियंता मणिकांत, राज आनंद सहित अन्य उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
