गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के अरगाघाट स्थित जमीन पर गृह निर्माण का काम कराने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ मारपीट, गाली-गलौज और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. मामले को लेकर नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा मेट्रोस गली निवासी अजय कुमार ने नगर थाना में शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
निर्माण कार्य का विरोध करने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी में अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि 11 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे वह अपने मजदूरों और राजमिस्त्री के साथ अरगाघाट स्थित अपनी जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे. इसी दौरान गोविंद यादव, जोधा यादव उर्फ अजीत यादव और बिरेंद्र यादव वहां पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे.
आरोप है कि तीनों ने एकमत होकर उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की तथा जमीन की चहारदीवारी तोड़ने का प्रयास किया. शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने निर्माण कार्य जारी रखने के लिए उनसे 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग की और रुपये नहीं देने पर जमीन में गड्ढा कर गाड़ देने की धमकी दी. आरोप है कि गोविंद यादव और जोधा यादव ने उनके साथ मारपीट भी की.
रुपये और सोने की चेन छीनने का आरोप
अजय कुमार ने पुलिस को बताया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से मजदूरों की मजदूरी और निर्माण सामग्री खरीदने के लिए रखे 2,500 रुपये निकाल लिये गये. साथ ही, उनके गले से करीब तीन भरी की सोने की चेन, जिसकी कीमत उन्होंने करीब 3.50 लाख रुपये बताई है, छीन लिये जाने का भी आरोप लगाया है.
पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप
आरोप लगाया गया है कि गोविंद यादव ने कमर में रखी पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और खुद को इलाके का रंगदार बताया. आरोपियों ने मजदूरों और राजमिस्त्री को भी गाली-गलौज एवं धमकी देकर वहां से भगा दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नगर थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
