गिरिडीह. देवरी थाना क्षेत्र के चतरो-जमुआ मुख्य सड़क पर परसाटांड़ स्थित जलखरियोडीह मोड़ के पास बुधवार देर रात मक्का लदा मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. घटना रात करीब 12:30 बजे की बतायी गयी है. हादसे में चालक समेत किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है. दुर्घटना के बाद ट्रक में लदा मक्का सड़क किनारे बिखर गया.
लखीसराय से पश्चिम बंगाल जा रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार, मालवाहक ट्रक (डब्ल्यूबी 81-2217) बिहार के लखीसराय से मक्का लादकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था. इसी दौरान जलखरियोडीह मोड़ के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया. चालक वाहन को संभाल पाता, इससे पहले ट्रक सड़क किनारे पलट गया. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी.
दो गुलमोहर के पेड़ गिरे
ट्रक के सड़क किनारे पलटने से वहां लगे गुलमोहर के दो पेड़ भी उसकी चपेट में आ गये. दोनों पेड़ गिर गये. बताया गया कि एक पेड़ ट्रक के नीचे दबने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, हादसे में ट्रक भी पलटकर सड़क किनारे जा गिरा और उसमें लदा मक्का आसपास बिखर गया.
बाल-बाल बचा चालक
देर रात हुए इस हादसे में राहत की बात रही कि ट्रक चालक समेत किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क किनारे आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी रही.
मोड़ पर सुरक्षा उपाय की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलखरियोडीह मोड़ पर वाहनों का संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है. लोगों का कहना है कि मोड़ पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और यातायात संबंधी सावधानियां जरूरी हैं. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: गांडेय में महिला को बंधक बनाकर दिनदहाड़े डकैती, छह अपराधियों ने घर में घुसकर लूटे जेवर और रुपये
