Giridih News: तिसरी की दो नाबालिगों को अगवा कर तीन दिन तक दुष्कर्म करता रहा खलासी

Giridih News: तिसरी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग को अपने प्रेमजाल में फंसाकर एक ट्रक के खलासी ने नाबालिग व उसकी सहेली के साथ तीन दिनों तक ट्रक में ही दुष्कर्म किया.

खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यहां की एक नाबालिग को उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी छोटेलाल (खलासी) ने प्रेम जाल में फंसाकर मिलने के लिए डुमरी के जीटी रोड पर बुलाया. जब नाबालिग अपनी एक अन्य नाबालिग सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची, तो दोनों को ट्रक में बैठा लिया, इसके बाद तीन दिनों तक ट्रक चालक कासगंज जिले के पटियाली निवासी अमित कुमार के सहयोग से नाबालिगों के साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा, तीन दिनों तक दुष्कर्म के बाद दोनों को 26 जनवरी को धनबाद के बरवाअड्डा में ट्रक से उतार दिया. इसी बीच एक नाबालिग के पिता ने गुमशुदगी को ले पुलिस को आवेदन दिया था, जांच के क्रम में पुलिस ने पुलिस ने ट्रक के खलासी व चालक को डुमरी टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया. इसके बाद उनकी निशानदेही पर अपहृत दोनों नाबालिगों को धनबाद के बरवाअड्डा से बरामद कर लिया गया. आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक प्लास्टिक दाना लोड तिरपाल से बंधा हुआ ट्रक जब्त कर लिया गया है.

हैदराबाद के किसी व्यक्ति ने खलासी को दिया था नाबालिग का फोन नंबर

तिसरी थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग का मोबाइल नंबर उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी छोटेलाल को हैदराबाद के रहनेवाले किसी व्यक्ति ने दिया था. इसके बाद छोटेलाल नाबालिग लड़की से बातचीत करने लगा. धीरे- धीरे छोटेलाल ने नाबालिग को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया. इसके बाद 23 जनवरी को उसे मिलने के लिए डुमरी के जीटी रोड पर बुलाया. कहा कि वह गिरिडीह के डुमरी के रास्ते होते हुए ट्रक से सामान लेकर जा रहा है, इसलिए तुम डुमरी आ जाओ. छोटेलाल के झांसे में आकर नाबालिग अपने साथ गांव की एक सहेली को भी डुमरी ले गयी. यहां पहुंचने के बाद छोटेलाल ने दोनों को ट्रक में बैठा लिया.

घर नहीं लौटने पर एक नाबालिग के पिता ने थाने में दी थी सूचना

23 जनवरी को लापता होने के दो दिनों बाद भी जब लाबालिग घर नहीं लौटीं, तो एक नाबालिग के पिता ने 25 जनवरी को थाना में लिखित सूचना दी और कुछ लोगों पर दोनों का अपहरण किये जाने की आशंका व्यक्त की. इसके बाद एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया. इसमें तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार, सअनि कोलेश्वर राम, तकनीकि शाखा के जोधन महतो, प्रवीण कुमार, मिलिया मरांडी और राहुल कुमार यादव को शामिल किया गया. टीम ने तकनीकि शाखा की मदद से दोनों नाबालिग की बरामदगी को लेकर जांच शुरू की. इसी बीच तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार को सूचना मिली की दोनों नाबालिग को ट्रक में छिपाकर धनबाद के बरवाअड्डा में रखा गया है. ट्रक समेत आरोपियों को पुलिस ने डुमरी टोल प्लाजा के पास धर दबोचा. कड़ाई से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही के बाद पुलिस की टीम धनबाद के बरवाअड्डा पहुंची और दोनों नाबालिगों को बरामद किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >