तिसरी प्रखंड और बिहार के कौवाकोल थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित झरनवा गांव में के लोगों द्वारा कई एकड़ जमीन पर लगायी गयी अफीम की फसल को कौवाकोल थाना की टीम ने रविवार को नष्ट कर दिया. कार्रवाई कौवाकोल के थाना प्रभारी प्रकाशमान दीपक के नेतृत्व में थानसिंहडीह ओपी पुलिस के सहयोग से की गयी. मालूम रहे कि थानसिंहडीह ओपी क्षेत्र के बोर्डर पर स्थित कौवाकोल थाना क्षेत्र के झरनवा गांव में कई एकड़ जमीन पर अफीम की फसल लगायी गयी थी. अफीम की फसल भी लगभग तैयार हो गयी थी. बड़े भूखंड पर फसल लहलहा रहा था. अफीम के कारोबारी कुछ ही दिनों में फसल में लगे फर से अफीम निकालते और महानगरों में ले जाकर लाखों में बेचते, लेकिन इसके पहले ही कौवाकोल की पुलिस ने अवैध कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए फसल को नष्ट कर दिया. झरनवा सहित इससे सटे गांव रानीगदर और दनिया में भी कई एकड़ जमीन पर अफीम की फसल लगाने की सूचना है. इस सिलसिले में बताया गया कि दिल्ली के तथाकथित कारोबारी व तिसरी और बिहार के कौवाकोल थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों के कुछ लोगों द्वारा झरनवा, दनिया और रानीगद्दर गांव में अफीम की खेती करने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर ही कौवाकोल थाना की पुलिस टीम झरनवा गांव पहुंची. इस कार्रवाई से अफीम के कारोबारियों में हड़कंप है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
