गिरिडीह. खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 19 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगा. पार्टी की ओर से कार्यक्रम को लेकर प्रखंड स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गयी है. यह कार्यक्रम पहले सात सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था.
आर्थिक नुकसान के खिलाफ आंदोलन
झामुमो नेताओं के अनुसार, एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 से झारखंड और राज्य के लोगों को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान के खिलाफ पार्टी आंदोलन कर रही है. पार्टी का आरोप है कि विधेयक के माध्यम से झारखंड के हित प्रभावित हो सकते हैं. इसी मुद्दे को लेकर राज्यभर में प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.
केंद्र पर बकाया राशि को लेकर भी विरोध
पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड की बकाया राशि को लेकर भी गंभीर आरोप लगाये हैं. उनका कहना है कि राज्य की बकाया राशि को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जायेगा. झामुमो ने इसे राज्य के आर्थिक हितों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है.
कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
झामुमो गांडेय प्रखंड अध्यक्ष चांदमल मरांडी और सचिव मो शब्बीर ने बताया कि केंद्रीय कमेटी के निर्देश के बाद 19 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गयी है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निर्धारित तिथि पर अपने-अपने प्रखंड मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. पार्टी का उद्देश्य राज्यभर में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर विधेयक के प्रति अपना विरोध दर्ज कराना है.
ये भी पढ़ें: बगोदर में 2 किमी नहर रोड की बदहाली से परेशानी, स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी मुश्किल
