Giridih Bomb Threat: झारखंड में धनबाद और देवघर के पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अब गिरिडीह के प्रधान डाकघर को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया है. ईमेल मिलने के बाद डाकघर परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट हो गईं. प्रारंभिक तौर पर इसे एक धमकी भरा और भड़काऊ संदेश माना जा रहा है, जिसकी सत्यता की जांच पुलिस और संबंधित एजेंसियां कर रही हैं.
ईमेल में दोपहर में विस्फोट की दी गई धमकी
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह प्रधान डाकघर के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ. यह ईमेल कार्यालय के कंप्लेंट इंस्पेक्टर की नजर में आया, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को दी गई. ईमेल में दोपहर के समय डाकघर परिसर में विस्फोटक सामग्री के जरिए हमला करने की धमकी दी गई थी. सूचना मिलते ही डाकघर प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया.
अभिनेत्री की टिप्पणी का किया गया जिक्र
धमकी भरे ईमेल में एक अभिनेत्री की कथित धार्मिक टिप्पणी पर आपत्ति जताई गई थी. इसी का हवाला देते हुए धमकी दी गई. ईमेल की भाषा को देखते हुए अधिकारियों ने इसे सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश माना है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक ईमेल में किए गए दावों की पुष्टि नहीं की है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ईमेल किसने और कहां से भेजा तथा इसके पीछे क्या मंशा थी.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई. डाकघर प्रशासन की ओर से थाने में आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इसे एक अनवेरिफाइड धमकी माना जा रहा है. इसलिए बिना जांच पूरी हुए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: धनबाद और देवघर के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पहले धनबाद और देवघर को भी मिली थी धमकी
बुधवार को ही रांची स्थित रीजनल पासपोर्ट कार्यालय को एक ईमेल भेजकर झारखंड के विभिन्न पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद धनबाद और देवघर के पासपोर्ट कार्यालयों में पुलिस, डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक जांच अभियान चलाया था. अब गिरिडीह के प्रधान डाकघर को भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि ईमेल की तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में नशे के खिलाफ कार्रवाई, कुड़ृ में 5 लाख के स्टोन मार्क ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
